
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड के बाद कानपुर प्रशासन ने शहर के कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा जांच अभियान शुरू कर दिया है।पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में मंगलवार को अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित 22 कोचिंग संस्थानों, कंप्यूटर सेंटरों और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया।जांच के दौरान कई संस्थानों में भवन मानकों और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में कमियां सामने आईं। अग्निशमन अधिकारियों ने मौके पर ही संचालकों को फायर सेफ्टी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।अग्निशमन विभाग ने कहा है कि कमियां दूर नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ अग्निशमन एवं आपात सेवा अधिनियम-2022 और नियमावली-2024 के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं पंजीकरण से जुड़े मामलों में उच्च शिक्षा विभाग और भवन संबंधी अनियमितताओं की जानकारी केडीए को भेजी जाएगी।जांच अभियान सिविल लाइंस, काकादेव, स्वरूप नगर, आर्यनगर, माल रोड, किदवई नगर, पनकी और हरजिंदर नगर क्षेत्रों में चलाया गया। इसमें कई प्रमुख कोचिंग संस्थान भी शामिल रहे।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।