
CSJMU के छात्रों ने बनाया फ्रूट केक
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। व्रत में फलाहार के साथ केक का स्वाद लेने का नया विकल्प कानपुर की छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के विद्यार्थियों ने तैयार किया है। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट के शिक्षकों और छात्रों ने तरबूज, अंगूर और संतरे जैसे ताजे फलों से खास फ्रूट केक बनाया है। इस प्रयोग में स्वाद, पोषण और कम लागत को ध्यान में रखा गया।असिस्टेंट प्रोफेसर अरविंद चौहान के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने यह केक तैयार किया। इसे बनाते समय फलों की ताजगी और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। इसका उद्देश्य पारंपरिक फलाहार को नया रूप देना और विद्यार्थियों को खाद्य सामग्री के रचनात्मक इस्तेमाल का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।आमतौर पर व्रत के दौरान लोग फल, दूध और अन्य फलाहार लेते हैं। ऐसे में फलों से तैयार यह केक एक अलग विकल्प के रूप में सामने आया है। विद्यार्थियों ने इसे कम लागत में तैयार करने पर भी जोर दिया।विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के नवाचार विद्यार्थियों के कौशल विकास में सहायक होते हैं। साथ ही, भारतीय संस्कृति, व्रत और पर्वों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं। विश्वविद्यालय में हुए इस प्रयोग ने पारंपरिक फलाहार को नए अंदाज में प्रस्तुत करने की कोशिश की है।