
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या। अयोध्या-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुचेरा बाजार के मजनाई मोड़ के पास रविवार को आवारा सांड से टकराने के बाद बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। दोनों अयोध्या से मिल्कीपुर की ओर जा रहे थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजनाई मोड़ के पास अचानक एक आवारा सांड सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकराकर सड़क पर घिसट गई। हादसे में चालक और पीछे बैठे युवक के हाथ-पैरों में चोटें आईं। चालक ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसे गंभीर चोट नहीं लगी।मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उनके परिजनों को सूचना दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आवारा पशुओं की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीण राजेश कुमार ने बताया कि सड़कों पर घूम रहे मवेशियों से लगातार हादसों का खतरा बना रहता है।स्थानीय निवासी महेंद्र दुबे ने प्रशासन से आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।