
125 से अधिक प्रतिभागियों और 15 विद्यालयों के 250 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
अमेठी/जायस। राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी), जायस परिसर में सामाजिक सेवा परिषद ‘अर्पण’ के तत्वावधान में 30 और 31 अक्टूबर को दो दिवसीय सामाजिक-तकनीकी महोत्सव ‘सौहार्द्य 2026’ का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न शिक्षण एवं शोध संस्थानों के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया।महोत्सव का उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. हरीश हिरानी के संरक्षण में हुआ। बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान, लखनऊ के निदेशक प्रो. महेश जी. ठक्कर मुख्य अतिथि रहे। आयोजन के तहत राष्ट्रीय सामाजिक-तकनीकी सम्मेलन ‘निर्माण 2026’ और सामाजिक नवाचार प्रतियोगिता ‘सोशियोथॉन 2026’ आयोजित की गई, जिसमें 125 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।विज्ञान एवं नवाचार प्रदर्शनी में अमेठी और रायबरेली के 15 विद्यालयों के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक मॉडल और रचनात्मक परियोजनाओं का प्रदर्शन किया। इसके अलावा फिल्म एवं रील प्रतियोगिता, फोटोग्राफी, पारंपरिक शिल्पकला और कवि सम्मेलन ‘कविराग’ का आयोजन हुआ। कवि सम्मेलन में शंभू शिखर, वरुण आनंद, आयुषी राखेचा, जुबैर अली ताबिश सहित अन्य कवियों ने काव्य पाठ किया।महोत्सव में निर्माण 2026 और सोशियोथॉन 2026 की विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं एवं उपविजेताओं को सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से सामाजिक नवाचार, सतत विकास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।