
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। राजर्षि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (आरएसएमटी) में नवप्रवेशी एमबीए एवं एमसीए छात्रों के अभिमुखीकरण कार्यक्रम के दूसरे दिन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उद्योग जगत से परिचय कराने के उद्देश्य से विभिन्न सत्र आयोजित किए गए।कार्यक्रम के तहत ‘दैनिक जीवन के लिए योग’ विषय पर योग प्रशिक्षक अरुण सिंह ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगाभ्यास और आसनों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। सत्र का संचालन अनुराग सिंह ने किया।इसके बाद ‘उद्योग से जुड़िए’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें प्रिज्म जॉनसन सीमेंट के जोनल सेल्स प्रबंधक वरुण उपाध्याय, आरटीएम अमित मिश्रा और क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद किया। वक्ताओं ने कॉर्पोरेट क्षेत्र की अपेक्षाओं, उद्योग एवं अकादमिक क्षेत्र के बीच संबंध तथा प्रबंधन और तकनीकी शिक्षा के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। सत्र का संचालन गरिमा आनंद ने किया।तीसरे सत्र में ‘आरएसएमटी के पूर्व छात्रों के साथ संवाद’ कार्यक्रम हुआ। इसमें नवप्रवेशी छात्रों को संस्थान के पूर्व छात्रों से बातचीत करने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिला। सत्र का संचालन पीएन सिंह ने किया।संस्थान के निदेशक प्रभारी प्रो. अमन गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों से अपने करियर एवं शिक्षा से जुड़े सवालों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।