
पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर
कुरारा थाना क्षेत्र के पारा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक भैंस की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब तेज आंधी और बारिश के दौरान भैंस घर के बाहर बंधी हुई थी। अचानक गिरी बिजली की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।भैंस के मालिक ने घटना की सूचना पुलिस और राजस्व विभाग को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पशु चिकित्सक से भैंस का पोस्टमार्टम कराया। चिकित्सकीय जांच में पुष्टि हुई कि भैंस की मौत बिजली के झटके से हुई है।राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया और घटना से संबंधित रिपोर्ट तैयार की। प्रशासन ने बताया कि दैवीय आपदा राहत योजना के तहत प्रभावित पशुपालक को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार खराब मौसम के कारण किसानों और पशुपालकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है।