
बॉयफ्रेंड के कहने पर पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। फीलखाना थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी पर अपने पति की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप है कि महिला ने यह कदम अपने बॉयफ्रेंड के कहने पर उठाया। घायल पति की इलाज के दौरान मंगलवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक बालाजी धाम निवासी मनीष गुप्ता (45) कपूर कारोबार से जुड़े परिवार से थे और किराना बाजार में ब्रोकर का काम करते थे। उनकी मुलाकात बिरहाना रोड स्थित एक स्कूल में पढ़ाने वाली निहारिका कश्यप से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और परिवार की सहमति से 30 जून 2017 को दोनों ने शादी कर ली थी। दंपती का छह साल का बेटा भी है।मनीष के पिता रामकिशोर गुप्ता के अनुसार, शादी के बाद परिवार में सब ठीक चल रहा था, लेकिन करीब तीन साल पहले निहारिका की फेसबुक के जरिए जम्मू निवासी एक युवक से दोस्ती हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ गई। परिवार को आरोप है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा था।पुलिस के मुताबिक 5 जून की दोपहर निहारिका फोन पर अपने बॉयफ्रेंड से बात कर रही थी। इसी दौरान पति मनीष ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों में कहासुनी हुई। आरोप है कि गुस्से में निहारिका ने सब्जी काटने वाले चाकू से मनीष के पेट में कई वार कर दिए।चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल मनीष को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। करीब 11 दिन तक चले इलाज के बाद मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान मनीष ने उन्हें बताया था कि घटना के समय निहारिका अपने बॉयफ्रेंड से फोन पर बात कर रही थी। चाकू लगने के बाद जब उसने यह बात बताई तो युवक ने कथित तौर पर कहा कि “आज इसका काम तमाम कर दो।”फीलखाना थाना प्रभारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी महिला ने पूछताछ में पति पर हमला करने की बात स्वीकार की है। पिता की तहरीर पर दर्ज मुकदमे को हत्या की धारा में बदल दिया गया है। आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
मनीष के पिता की तहरीर पर 14 जून को जानलेवा हमले के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। आज मनीष की मौत होने पर मुकदमा तरमीम किया गया। उसके बाद हत्यारोपी पत्नी को अरेस्ट कर लिया गया है। उन्होंने बहू पर अपने ब्वायफ्रेंड अंग्रेज के कहने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।-थाना प्रभारी अभय प्रताप