
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और पढ़ाई के बढ़ते दबाव के बीच बच्चों को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। इसी उद्देश्य को लेकर आईआईटी कानपुर की महिला संघ (Women’s Association) ने कैंपस में बच्चों और किशोरों के लिए दो दिवसीय विशेष वेलनेस और एक्टिविटी कार्यक्रम आयोजित किया।इस कैंप का उद्देश्य बच्चों को खेल-खेल में शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और बेहतर जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बच्चों को आसान और रोचक तरीकों से तनाव कम करने, फिट रहने और आत्मविश्वास बढ़ाने के टिप्स दिए।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध मनोचिकित्सक डॉ. आलोक बाजपाई का सेशन रहा। उन्होंने किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक मजबूती पर चर्चा करते हुए कहा कि बच्चे कई बार अपनी परेशानियों और भावनाओं को अंदर ही दबा लेते हैं, जिससे तनाव बढ़ सकता है।उन्होंने कहा कि माता-पिता को बच्चों के व्यवहार में आने वाले बदलावों को समझना चाहिए और घर में ऐसा माहौल बनाना चाहिए, जहां बच्चे बिना किसी डर के अपनी बात खुलकर रख सकें।कार्यक्रम में बच्चों की शारीरिक फिटनेस पर भी विशेष ध्यान दिया गया। विशेषज्ञ अनामिका राठौड़ और बालराम यादव ने बच्चों को योग, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही बच्चों को सेल्फ डिफेंस के तरीके भी सिखाए गए, ताकि वे आपात स्थिति में आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा कर सकें।आईआईटी कानपुर महिला संघ की सचिव अमृता भूषण ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों और किशोरों को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाना है, जिससे वे भविष्य में आत्मविश्वासी व्यक्तित्व के रूप में आगे बढ़ सकें।उन्होंने कहा कि महिला संघ कैंपस के परिवारों और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी आयोजित करता रहेगा। दो दिवसीय कैंप के समापन पर बच्चों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली। बच्चों ने सीखी गई बातों को अपनी दिनचर्या में अपनाने का संकल्प लिया।