
PARDARSHI VIKASH NEWS मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 जून को आगरा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह आगरा मंडल के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रोजेक्ट्स पर विशेष फोकस रहेगा। मुख्यमंत्री पुराने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ-साथ नए विकास कार्यों की कार्ययोजना पर भी चर्चा करेंगे।मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन और विभिन्न विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी विभागों के अधिकारी अपनी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के साथ संभावित नए प्रोजेक्ट्स का खाका भी तैयार कर रहे हैं, जिन्हें समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले हाथरस के सलेमपुर में आयोजित औद्योगिक सम्मेलन में शामिल होंगे। वहां से वह राजकीय हेलीकॉप्टर से दोपहर 12:40 बजे आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।दोपहर 1:10 बजे से लोक निर्माण विभाग के पुराने और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा होगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे से जिले के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था पर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुख्यमंत्री की मुलाकात प्रस्तावित है।बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 3:40 बजे मंडलायुक्त कार्यालय से खेरिया हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे और शाम 4 बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मंडलायुक्त कार्यालय सहित सभी संबंधित स्थलों पर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।