news-details

आगरा में ‘सहकार संवाद’ पत्रिका का विमोचन

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ आगरा। आगरा मंडल में सहकारिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “सहकार संवाद” नामक राष्ट्रीय त्रैमासिक पत्रिका का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन न्यू आगरा स्थित मंडल कार्यालय में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जहां उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। पत्रिका के प्रधान संपादक राकेश चन्द्र शुक्ला ने बताया कि “सहकार संवाद” देशभर में सहकारिता से जुड़े कार्यकर्ताओं, संस्थाओं और संगठनों को एक मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पत्रिका विभिन्न राज्यों में नियुक्त ब्यूरो नेटवर्क के माध्यम से सहकारिता, स्वदेशी और स्वावलंबन से जुड़े विचारों का प्रसार कर रही है। पत्रिका का प्रकाशन लखनऊ स्थित एक सहकारी संस्था के सहयोग से किया जा रहा है और इसे नाममात्र सहयोग राशि पर दो वर्षों तक उपलब्ध कराया जा रहा है।कार्यक्रम में वक्ताओं ने सहकारिता और आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से ही देश सशक्त और समृद्ध बन सकता है। उन्होंने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सहकारिता आधारित मॉडल को प्रभावी बताते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया।बैठक के दौरान आगामी 1 और 2 अप्रैल को वाराणसी में प्रस्तावित प्रदेश कार्यकारिणी बैठक को लेकर भी चर्चा की गई और पदाधिकारियों से समय पर सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सहकारिता आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन “सहकार से समृद्धि” के संदेश के साथ हुआ।