news-details

आगरा में नगर आयुक्त ने सिटी बस में आम यात्री बनकर किया सफर

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा नगर निगम की सिटी बस सेवा की वास्तविक स्थिति जानने के लिए नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने शनिवार को खुद आम यात्री बनकर बस में सफर किया। उन्होंने प्रतापपुरा से कलेक्ट्रेट तक का टिकट लेकर यात्रा शुरू की, लेकिन निरीक्षण के दौरान वे उसी टिकट के साथ भगवान टॉकीज तक यात्रा करते रहे। इस दौरान बस कंडक्टर द्वारा न तो टिकट की सही जांच की गई और न ही यात्रियों से नियमित रूप से टिकट दिखाने की मांग की गई। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि बस में यात्रा कर रहे लगभग 31 यात्रियों में से केवल 26 यात्रियों के पास ही टिकट मौजूद था, जबकि कई यात्री बिना टिकट सफर करते पाए गए। नगर आयुक्त ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए राजस्व हानि पर चिंता जताई और कहा कि टिकट जांच व्यवस्था में सुधार जरूरी है। उन्होंने मौके पर ही सिटी बस ट्रांसपोर्ट के एआरएम को कड़ी चेतावनी देते हुए कंडक्टर को रूट से हटाने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। यात्रा के दौरान नगर आयुक्त ने यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं, जिसमें समयबद्धता, बस संचालन और टिकट व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि परिवहन व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाया जाएगा।