
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर पहुंचने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन 12वीं तक के सभी स्कूल बंद करने का फैसला लिया है। डीएम मनीष बंसल के निर्देश पर 19 मई को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया। मंगलवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सोमवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आने वाले दिनों में इसके 47 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। शहर में दोपहर के समय सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है और लोग छाता, गमछा व पानी की बोतल लेकर बाहर निकल रहे हैं। ताजमहल क्षेत्र में भी पर्यटक गर्मी से परेशान नजर आए। मौसम विभाग ने 23 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है और लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।