
PARDARSHI VIKASH NEWS Taj Mahal पर पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब पर्यटकों की संख्या पर भी दिखने लगा है। सर्दियों में जहां रोज 25 से 30 हजार पर्यटक ताजमहल देखने पहुंचते थे, वहीं अब यह संख्या घटकर करीब 20 हजार रह गई है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण पर्यटकों की तबीयत भी बिगड़ रही है। रविवार को इराक से आई एक महिला पर्यटक पश्चिमी गेट के पास गर्मी से बेहाल हो गई। मौके पर मौजूद ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम ने तुरंत महिला को राहत पहुंचाई और डॉक्टर को बुलाया। कुछ देर आराम मिलने के बाद महिला की हालत सामान्य हो गई। पुलिस ने पर्यटकों को बैटरी चालित गोल्फ कार्ट से उनके गंतव्य तक पहुंचाया। मौसम विभाग ने आगरा में अगले कुछ दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है और तापमान 47°C तक पहुंचने की संभावना जताई है।