
Pardarshi Vikas News Agra
चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (सीएनआई) के आगरा डायसिस के बिशप विजय कुमार नायक समेत अन्य लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर थाना हरीपर्वत में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि संस्था के धन का गबन कर निजी लाभ लिया गया और रकम का इस्तेमाल कथित धर्मांतरण गतिविधियों में किया गया।
वादी जोगेंद्र सिंह ने शिकायत में कहा है कि बिशप विजय कुमार नायक ने फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर आगरा डायसिस के खातों से धनराशि निकाली। आरोप है कि यह पैसा ओडिशा स्थित उनके पैतृक क्षेत्र दारिंगबाड़ी भेजा गया, जहां निजी कार्यों और स्कूल निर्माण में उपयोग किया गया।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि संस्था के फंड को रिश्तेदारों और अन्य लोगों के खातों में ट्रांसफर किया गया तथा गरीब व आदिवासी परिवारों को पैसे देकर धर्मांतरण कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।