
Pardarshi Vikas News Agra
इरादतनगर थाना क्षेत्र के करोधना कला गांव में गुरुवार सुबह आग लगने से एक गरीब किसान परिवार की कटी गेहूं की पूरी फसल जलकर राख हो गई। घटना सुबह करीब आठ बजे की बताई जा रही है। खेत में रखी फसल में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में लपटों ने पूरे अनाज को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज आग के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना पर डायल 112 और फायर ब्रिगेड को खबर दी गई, मगर दमकल पहुंचने से पहले ही पूरी फसल जल चुकी थी।
पीड़ित सोमोती देवी अपने तीन बेटों के साथ गुजर-बसर करती हैं। परिवार के पास करीब ढाई बीघा जमीन है, जिसकी गेहूं की फसल ही सालभर का सहारा थी। बेटे लोहरे के पैर में फ्रैक्चर होने से वह मजदूरी भी नहीं कर पा रहा है।
घटना में करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार को जल्द आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है।