news-details

आग की लपटों से अस्पताल तक...

You can share this post!

इंसाफ की गुहार लगाने वाले युवक का दर्दनाक अंत

पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। महाराजपुर थाने के बाहर खुद को आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास करने वाले 38 वर्षीय महेश पासवान की रविवार देर रात लखनऊ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, युवक का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष से परेशान होने की बात कहता दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो में किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई की सुबह महेश पासवान महाराजपुर थाने पहुंचा था। उसने अपनी पत्नी के खिलाफ तहरीर देने के बाद थाने के मुख्य गेट के पास इंसाफ की मांग करते हुए शोर मचाया। इससे पहले कि पुलिसकर्मी स्थिति को समझ पाते, उसने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरने के बाद वह इधर-उधर भागने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।थाना प्रभारी निरीक्षक जनार्दन सिंह, उपनिरीक्षक गौरव सौलिया और सिपाही अरुण कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल कंबल डालकर और पानी की मदद से आग बुझाई। युवक को बचाने के प्रयास में तीनों पुलिसकर्मी भी झुलस गए। गंभीर रूप से घायल महेश को पहले उर्सला अस्पताल और बाद में लखनऊ के केजीएमयू रेफर किया गया, जहां रविवार रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई।मृतक की बहन दाया ने आरोप लगाया कि उसके भाई के साथ ससुराल पक्ष ने मारपीट की थी और बाद में उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया। उनका कहना है कि इसी से आहत होकर महेश इंसाफ की उम्मीद में थाने पहुंचा था। दूसरी ओर, पुलिस जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से एक दिन पहले दोनों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद पत्नी ने महेश के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया था।महाराजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक जनार्दन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से प्राप्त तहरीर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।