
पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर/कुरारा। विकासखंड क्षेत्र में बीती रात तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर टीन शेड उड़ गए, पेड़ धराशायी हो गए और बिजली के पोल व तार टूटकर गिर पड़े।आंधी के चलते क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे ग्रामीण इलाकों में अंधेरा छा गया। बिजली गुल होने के कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई और लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा।कुरारा क्षेत्र सहित आसपास के कई गांवों में तेज हवाओं से मकानों की छतें और टीन शेड उड़ गए। डमरार गांव में कई घरों के टीन शेड हवा में उड़कर दूर जा गिरे, जिससे लोगों को भारी नुकसान हुआ। वहीं एक नीम का पेड़ टूटकर बिजली के पोल पर गिर गया, जिससे लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।रातभर बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई। मोबाइल फोन चार्ज न होने के कारण संपर्क व्यवस्था भी प्रभावित रही। ग्रामीणों को पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए जूझना पड़ा।