
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ
रविवार दोपहर मौसम अचानक बदल गया। करीब 3 बजे आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं, जिनकी रफ्तार लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटा रही। कुछ ही देर बाद शहर के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली और शाम करीब साढ़े चार बजे हजरतगंज, सरोजनी नगर सहित विभिन्न इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश और आंधी के चलते लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली, लेकिन कई जगहों पर असुविधा भी देखने को मिली। हजरतगंज क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण एक होर्डिंग फटने की घटना सामने आई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौसम विभाग ने पहले ही गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया था और लोगों को पेड़, बिजली के खंभे व होर्डिंग से दूर रहने की सलाह दी थी। इससे पहले सुबह तक मौसम सामान्य और साफ रहा था। विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम रहा। आंधी-बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है।