
PARDARSHI VIKASH NEWS नकापुर कस्बे में शुक्रवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। आजाद नगर घोसियाना मोहल्ला निवासी मोहम्मद हबीब बख्श की खड़ी डीसीएम पर एक विशाल नीम का पेड़ गिर गया। हादसा रात में होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।पेड़ गिरने से विद्युत लाइनें भी टूट गईं, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति रातभर बाधित रही। शनिवार सुबह बिजली विभाग की टीम स्थानीय लोगों के सहयोग से पेड़ हटाने और क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत में जुटी रही।पेड़ सड़क पर गिरने से रेलवे स्टेशन-कटी तिराहा मुख्य मार्ग कई घंटों तक पूरी तरह बंद रहा। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को वैकल्पिक मार्गों से होकर आवागमन करना पड़ा।स्थानीय लोगों के अनुसार तेज आंधी के चलते नीम का पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क और खड़ी डीसीएम पर गिर गया। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पहले बिजली आपूर्ति बंद की गई, जिसके बाद पेड़ हटाने का कार्य शुरू किया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को सुचारु करने और बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी रहे।