
PARDARSHI VIKASH NEWS हाल ही में आई तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। जिलेभर में 292 ट्रांसफॉर्मर खराब होने से हजारों उपभोक्ताओं के घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। बिजली विभाग प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहा है।सबसे अधिक नुकसान दर्शन नगर डिवीजन में हुआ है, जहां 160 ट्रांसफॉर्मर फुंक गए। इसके अलावा मिल्कीपुर डिवीजन में 68, रुदौली में 62 और शहरी क्षेत्र में दो ट्रांसफॉर्मर खराब हुए हैं। तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर बिजली के खंभे गिर गए और बिजली लाइनों में शॉर्ट सर्किट की घटनाएं हुईं, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई।बिजली विभाग के अनुसार 100 केवीए से अधिक क्षमता वाले 11 बड़े ट्रांसफॉर्मर भी खराब हुए हैं। इनमें दर्शन नगर के सात, शहरी क्षेत्र के दो तथा रुदौली और मिल्कीपुर के एक-एक ट्रांसफॉर्मर शामिल हैं। इससे कई गांवों और मोहल्लों में लंबे समय से बिजली संकट बना हुआ है।उपखंड अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि तेज हवा और बारिश के चलते बिजली नेटवर्क को व्यापक नुकसान पहुंचा है। विभाग की टीमें लगातार ट्रांसफॉर्मर बदलने और क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता के आधार पर सभी प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।