
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी/जगदीशपुर। थाना क्षेत्र के पिछूती गांव में आंगनबाड़ी की नौकरी से जुड़े पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर हमला किया गया। पीड़ित पवन कुमार यादव पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उनका दाहिना हाथ टूट गया और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। यह घटना बीते गुरुवार रात रानीगंज से घर लौटते समय हुई। विकासखंड जगदीशपुर के पिछूती निवासी पवन कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि कचनाव रोड स्थित नहर की पुलिया के पास पांच नामजद सहित कुछ अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन पर वार किए। इस मारपीट में पवन का दाहिना हाथ टूट गया और उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने आंगनबाड़ी की नौकरी से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए उन्हें और मीरा यादव को जान से मारने की धमकी भी दी। इसी दौरान 112 पुलिस वाहन की रोशनी दिखाई देने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पवन कुमार यादव ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।थाना जगदीशपुर के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायल का इलाज कराया जा रहा है और उनका मेडिकल परीक्षण भी करवाया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।