
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा में बुधवार को सास के अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 30 वर्षीय दीपक वर्मा को नदी किनारे मगरमच्छ ने खींच लिया। यह घटना उस समय हुई जब दीपक सरयू नदी के किनारे अंतिम संस्कार की तैयारियों में शामिल थे और हाथ धोने के लिए पानी के पास गए थे। अचानक पानी से बाहर आए मगरमच्छ ने उनका सिर जबड़ों में दबोच लिया और कुछ ही पलों में उन्हें गहरे पानी में खींच ले गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। लगभग 24 घंटे बाद दीपक का शव नदी में उतराता हुआ मिला, जिसे बाद में पुलिस और प्रशासन ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने बताया कि दीपक की मौत गंभीर चोटों और मगरमच्छ के हमले के कारण हुई है। उनके शरीर पर गर्दन और पेट के पीछे 5 से 6 गहरे दांतों के निशान पाए गए, जबकि दाहिने हाथ पर भी काटने के निशान मिले हैं। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों ने इसे सामान्य हादसा मानने से इनकार करते हुए साजिश का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दीपक की लव मैरिज को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और उन्हें जानबूझकर खतरनाक जगह पर भेजा गया। फिलहाल प्रशासन ने मामले को हादसा बताया है, लेकिन जांच की मांग उठ रही है।