news-details

अंतिम मतदाता सूची जारी, 1.81 करोड़ नए मतदाता जुड़े

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत बुधवार को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई। दावों और आपत्तियों के निस्तारण तथा व्यापक सत्यापन प्रक्रिया के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने फाइनल वोटर लिस्ट प्रकाशित की है। इस बार आयोग ने प्रत्येक पंचायत मतदाता को 9 अंकों का यूनिक पहचान नंबर भी आवंटित किया है।संशोधित सूची के अनुसार प्रदेश में करीब 1.81 करोड़ नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, जबकि 1.41 करोड़ नाम विभिन्न कारणों से हटाए गए हैं। इस प्रकार कुल मतदाताओं की संख्या में लगभग 40.19 लाख की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि सूची जारी होने के बाद कई जिलों से तकनीकी समस्याओं के कारण मतदाता सूची डाउनलोड न होने की शिकायतें भी सामने आई हैं।गौरतलब है कि प्रदेश के ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो चुका है। चुनाव समय पर न होने के कारण सरकार ने निवर्तमान प्रधानों को अगले छह माह के लिए प्रशासक के रूप में कार्य करने की अनुमति दी है। वहीं पंचायत चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण के निर्धारण के लिए गठित आयोग को सामाजिक और आर्थिक सर्वेक्षण के आधार पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।इस बीच पंचायत चुनाव जल्द कराने को लेकर मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में विचाराधीन है। न्यायालय ने ओबीसी आयोग से जुलाई में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। माना जा रहा है कि आयोग की रिपोर्ट और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंचायत चुनाव की दिशा स्पष्ट होगी। प्रदेश में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के चुनाव एक साथ कराए जाने प्रस्तावित हैं।