news-details

अंबेडकर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Jhansi

रक्सा क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत पुनावली कला में मंगलवार को भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ग्रामीणों द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में गांव के लोग शामिल हुए।

जयंती समारोह की तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं। मंगलवार सुबह ग्रामीण अंबेडकर पार्क पहुंचे, जहां साफ-सफाई, सजावट और आयोजन की अंतिम तैयारियां पूरी की गईं। सुबह लगभग 11 बजे अंबेडकर पार्क से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

यात्रा के दौरान बाबा साहब अमर रहें, जय भीम और संविधान सम्मान जैसे नारों से पूरा गांव गूंज उठा। युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा में सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया गया।

शोभायात्रा पुनः अंबेडकर पार्क पहुंचकर संपन्न हुई, जहां बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने देश को संविधान देकर समानता, न्याय और अधिकारों का मार्ग प्रशस्त किया। उनका जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणा देता है।

ग्रामीणों ने कहा कि बाबा साहब के बताए रास्ते पर चलकर समाज को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में सत्येंद्र अहिरवार, राम मिलन अहिरवार, बलवीर अहिरवार, कमल अहिरवार, मुकेश अहिरवार, रामकिशन नेताजी, करण अहिरवार, काशीराम वकील साहब और मनोज अहिरवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।