news-details

90 साल पुराने विद्यालय पर ताला,

You can share this post!


पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ।  हजरतगंज स्थित नरही क्षेत्र में संचालित विद्या मंदिर गर्ल्स हाईस्कूल पर ताला लगाए जाने के विरोध में शनिवार को छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अभिभावक सड़क पर उतर आए। विद्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए बच्चों और शिक्षकों ने स्कूल दोबारा खोलने की मांग की। विद्यालय प्रशासन का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना और नोटिस दिए स्कूल को बंद करा दिया गया, जिससे सैकड़ों विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ गया है।विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्य रश्मि ने बताया कि यह संस्थान करीब 90 वर्षों से संचालित हो रहा है और यहां लगभग 250 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विद्यालय में छह सरकारी और चार निजी शिक्षक कार्यरत हैं। उनका आरोप है कि स्कूल में रखे महत्वपूर्ण अभिलेखों और दस्तावेजों को जल्दबाजी में हटाया गया, जिससे कई रिकॉर्ड क्षतिग्रस्त हो गए।विद्यालय की प्रबंधक संतोष रस्तोगी के अनुसार, स्कूल की भूमि वर्षों पहले शिक्षा के उद्देश्य से दान में दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद के बीच कुछ लोगों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जे की कोशिश की, जिसके बाद विद्यालय पर ताला लगा दिया गया। उनका कहना है कि प्रबंधन को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया।प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा भी पहुंचे और विद्यालय बंद किए जाने का विरोध किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों को बंद करने के बजाय बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।वहीं छात्रों ने मुख्यमंत्री से विद्यालय को दोबारा खुलवाने की अपील की। हाईस्कूल के छात्रों का कहना है कि उनका बोर्ड पंजीकरण इसी विद्यालय से हुआ है और स्कूल बंद रहने से उनकी पढ़ाई व भविष्य प्रभावित हो सकता है।