news-details

8 साल बाद भी शुरू नहीं हो सकी हैलट की बर्न यूनिट

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। एलएलआर (हैलट) अस्पताल में निर्माणाधीन बर्न यूनिट का काम करीब आठ साल बाद भी पूरी तरह शुरू नहीं हो सका है। वर्ष 2019 में करीब 4.31 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुई इस परियोजना को जून 2024 तक पूरा होना था, लेकिन निर्माण संबंधी खामियों और अन्य कारणों से लगातार देरी होती रही। अब अधिकारियों का दावा है कि भवन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और इसी महीने इसे मेडिकल कॉलेज प्रशासन को हैंडओवर किया जा सकता है।निर्माण कार्य के दौरान कई बार खामियां सामने आईं। निरीक्षण में भवन की दीवारों में सीलन, निर्माण गुणवत्ता में कमी, बीम से सरिया दिखाई देने जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गई थीं। इसके बाद निर्माण एजेंसी को सुधार कार्य करने के निर्देश दिए गए। हाल के महीनों में टाइल्स दोबारा लगाई गईं, सीलनयुक्त दीवारों की मरम्मत कराई गई और अन्य तकनीकी कमियों को भी दूर किया गया।पिछले वर्ष जिला प्रशासन की ओर से गठित टीम ने भी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था, जिसमें कई खामियां उजागर हुई थीं। इसके बाद अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मई महीने में सीडीओ अभिनव जैन ने भी यूनिट का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए थे।हालांकि भवन तैयार होने के बाद भी मरीजों को तत्काल सुविधा नहीं मिल सकेगी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि यूनिट के संचालन के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की आवश्यकता होगी। इसके अलावा आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की स्थापना और ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य भी अभी पूरा किया जाना है।जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला के अनुसार शासन से आवश्यक फैकल्टी और स्टाफ की मांग की जा चुकी है। सभी व्यवस्थाएं पूरी होने में करीब दो महीने का समय लग सकता है। इसके बाद ही बर्न यूनिट में मरीजों का इलाज शुरू हो सकेगा। यूनिट के शुरू होने से गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को बेहतर और विशेष उपचार सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।