news-details

75 स्थानों पर स्थापित होंगी मां दुर्गा की प्रतिमाएं

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़  अमेठी। संग्रामपुर विकासखंड क्षेत्र में शारदीय नवरात्रि को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रसिद्ध कालिकन धाम मंदिर सहित गांवों में पूजा पंडालों को सजाया जा रहा है। क्षेत्र में करीब 75 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर उत्साह है। कालिकन धाम में मां कालिका का दरबार करीब 700 पुष्प मालाओं से सजाया जा रहा है। मंदिर के गुंबद से लेकर परिसर तक फूलों से सजावट की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, प्रकाश, जलापूर्ति और शौचालय की व्यवस्था की जा रही है। ग्राम पंचायत भवसिंहपुर की ओर से रात में रोशनी के लिए करीब एक दर्जन मास्ट लाइटों को ठीक कराया गया है।सुरक्षा के लिए मंदिर के चारों रास्तों पर बैरीकेडिंग की गई है और पुलिस बूथ बनाए जा रहे हैं। महिलाओं और पुरुषों के लिए दर्शन की अलग-अलग कतारें होंगी। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। मेला परिसर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। कालिकन धाम के पीठाधीश्वर श्री महाराज ने श्रद्धालुओं से विधि-विधान से मां कालिका की आराधना करने की अपील की। संग्रामपुर प्रभारी संजय सिंह ने सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को मंदिर के सगरे में न जाने की सलाह दी।