
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की 213 पाउच और बोतल बरामद हुईं, जिनमें करीब 75 लीटर शराब बताई गई है।पुलिस के मुताबिक कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में की गई। सिगरा थाना पुलिस ने 18 सितंबर 2026 को लहरतारा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे यू-टर्न के पास चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय चन्दन कुमार पुत्र दीनेश चौधरी निवासी बैरी चक, थाना मसौरी, जिला पटना, बिहार और 19 वर्षीय राहुल कुमार पुत्र महेन्द्र राम निवासी बाढ़ पोतमा, थाना बाढ़, जिला पटना, बिहार के रूप में हुई है।पुलिस ने बताया कि बरामद शराब के संबंध में थाना सिगरा में मुकदमा अपराध संख्या 0402/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब बरामद शराब के स्रोत और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी भी जानकारी जुटा रही है।