
उन्नाव। थाना बारासगवर पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 75 लाख रुपये कीमत का 1 कुंतल 51 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में छह तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक ट्रक, एक डिजायर कार, छह मोबाइल फोन तथा 5,550 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को महेशखेड़ा चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक ट्रक और उसके आगे चल रही डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में स्टील के बॉक्स के भीतर विशेष तरीके से छिपाकर रखी गई पांच प्लास्टिक की बोरियों से कुल 1 कुंतल 51 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा राज्य के बलंगगीर से लोड कराया गया था। ट्रक में बिल्डिंग मैटेरियल लोड करने के बाद उसमें गांजा छिपाकर उन्नाव के रास्ते उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर भेजा जा रहा था, जहां इसकी आपूर्ति की जानी थी। पुलिस का मानना है कि यह एक सक्रिय अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सिंह (रायबरेली), विशाल दास (ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड), अभिषेक यादव, राम सिंह, अरविंद यादव तथा विशाल (उन्नाव) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना बारासगवर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वाहन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर ट्रक एवं डिजायर कार को भी सीज कर दिया गया है।बरामदगी में 1.51 कुंतल अवैध गांजा, ट्रक संख्या UP-90 T-6281, एक डिजायर कार, छह मोबाइल फोन तथा 5,550 रुपये नकद शामिल हैं।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कई के विरुद्ध पूर्व से भी एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पूरी कार्रवाई थाना बारासगवर पुलिस एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से की। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए इसे नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया।