
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर: जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत सभी विधानसभाओं, विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी से विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा काल की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ना है।गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने कार्यालय कक्ष में अभियान की तैयारियों और विभागों की कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की व्यापक स्तर पर तैयारी करने के निर्देश दिए। स्कूलों में प्रभात फेरी निकालने के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और कक्षा नौ से 12 तक भाषण प्रतियोगिता होगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में संवाद, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। प्रतियोगिताओं का विषय विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश रखा गया है। प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाणपत्र दिए जाएंगे और विजेताओं के चयन में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा तीन दिवसीय उत्सवअभियान के दौरान प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक सम्मान किया जाएगा। माताओं को पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।सीडीओ ने विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और न्याय पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। मुख्य सड़कों, नवनिर्मित स्थलों, सरकारी भवनों, कार्यालयों, चौराहों, नदियों और घाटों के आसपास भी स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम होंगे। प्रमुख स्थलों, सरकारी भवनों, नदी घाटों और चौराहों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।अभियान में रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर लगाने, दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरित करने, वृहद पौधरोपण, वंचित बच्चों की पढ़ाई में सहयोग, मतदाता जागरूकता और नशामुक्ति अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।