news-details

67 लाख की अवैध शराब और पटाखों पर चला बुलडोजर

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो  कुशीनगर। जनपद में अवैध शराब कारोबार और अवैध पटाखों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार किया है। पडरौना कोतवाली परिसर में न्यायालय के आदेश के अनुपालन में वर्ष 2024 से 2026 के बीच विभिन्न मामलों में बरामद 10,862 लीटर अवैध अंग्रेजी, देशी, कच्ची शराब एवं बीयर को नष्ट कर दिया गया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत 65.17 लाख रुपये बताई गई है।इसके साथ ही आयुध अधिनियम के तीन मुकदमों में बरामद 49 बोरी अवैध पटाखों को भी नियमानुसार नष्ट किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल लगभग 67 लाख रुपये मूल्य की अवैध सामग्री को नष्ट कर पुलिस ने अपराधियों और तस्करों को कड़ा संदेश दिया है।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश तिवारी ने न्यायालय से प्राप्त आदेश के अनुपालन में थाना परिसर में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर सभी अवैध सामग्री का निस्तारण कराया।कार्रवाई के दौरान अभियोजन अधिकारी शशिकांत, हेड मोहर्रिर सुशील कुमार सिंह, हेड मोहर्रिर रमेश यादव तथा लिपिक अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।