
पारदर्शी विकास ब्यूरो, हाटा (कुशीनगर)। हाटा तहसील क्षेत्र में कुशीनगर के सांसद विजय दुबे का 66वां जन्मदिन शनिवार को पूरे उत्साह, उमंग और भव्यता के साथ मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, समर्थकों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे दिन जन्मदिन समारोह उत्सव का रूप लिए रहा।सुकरौली ब्लॉक प्रमुख रंजना पासवान के नेतृत्व में खंड विकास कार्यालय सुकरौली के सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद विजय दुबे ने केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के दौरान सांसद विजय दुबे, हाटा विधायक मोहन वर्मा और ब्लॉक प्रमुख रंजना पासवान ने जरूरतमंद एवं गरीब महिलाओं को साड़ियों का वितरण किया। साड़ी प्राप्त कर महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। महिलाओं ने जनप्रतिनिधियों के इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।वहीं भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष पांडे के महुआरी स्थित आवास पर भी सांसद के जन्मदिन के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। सांसद के आगमन पर हाथी, घोड़े, ढोल-ताशों और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया। पूरा वातावरण जयकारों और उत्साह से गूंज उठा। कार्यक्रम में सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे। सांसद ने यहां भी केक काटकर समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान समर्थकों में उनके साथ फोटो खिंचवाने और जन्मदिन की बधाई देने की होड़ लगी रही।