news-details

600 करोड़ से बदलेगा कानपुर सेंट्रल का स्वरूप

You can share this post!


तय समय पर पूरा होगा काम:सांसद

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा के लिए बुधवार को सांसद रमेश अवस्थी ने रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट के तहत स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। सांसद ने कहा कि दिसंबर 2027 तक कानपुर सेंट्रल का पुनर्विकास पूरा कर इसे एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।समीक्षा बैठक में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति, समयसीमा और सामने आ रही चुनौतियों पर चर्चा की गई। सांसद ने परियोजना को तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक के बाद सांसद ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 से प्लेटफॉर्म नंबर-9 तक बने फुटओवर ब्रिज और स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। इसके अलावा घंटाघर साइड पर निर्माणाधीन नई स्टेशन बिल्डिंग का भी जायजा लिया और अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 के आसपास फैली गंदगी और अतिक्रमण पर नाराजगी जताते हुए सांसद ने तत्काल सफाई अभियान चलाने और अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।इस दौरान स्टेशन के कुलियों ने सांसद को अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। सांसद ने उनकी मांगों को रेलवे अधिकारियों के समक्ष उठाकर समाधान का आश्वासन दिया।निरीक्षण के दौरान एक सात वर्षीय बच्चे ने भी डिप्टी पड़ाव क्षेत्र में योग करने वाले बच्चों और महिलाओं के लिए गद्दों की व्यवस्था कराने की मांग रखी। सांसद ने उसकी बात सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का भरोसा दिया।