
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। स्वरूप नगर में कारोबारी के घर हुई 60 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पालतू कुत्ते की देखरेख के लिए रखी गई किशोरी नौकरानी ने नौकरी के दूसरे ही दिन अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि स्वरूप नगर निवासी कारोबारी विकास शुक्ला ने 16 जून को किशोरी को 14 हजार रुपये महीने की नौकरी पर रखा था। 17 जून को कारोबारी के काम पर जाने के बाद किशोरी ने घर के पिछले हिस्से का गेट खोलकर अपने साथी के साथ चोरी कर ली और फरार हो गई।पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरी पिछले एक महीने से अपने बॉयफ्रेंड मोहम्मद युनूस के साथ काकादेव में लिव-इन में रह रही थी। चोरी के बाद दोनों लखनऊ, दिल्ली, अजमेर और माउंट आबू घूमने चले गए थे।सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने किशोरी और युनूस को माउंट आबू से गिरफ्तार किया। चोरी के जेवर खरीदने वाले ज्वैलर मोहम्मद महताब को भी पुलिस ने पकड़ा है।पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चोरी के जेवरों में से एक सोने का ब्रेसलेट 2 लाख रुपये में बेच दिया था। आरोपियों के पास से सोने के जेवर, सोने के बिस्कुट, हार, टॉप्स, कड़ा, 24 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।