
Pardarshi Vikas News Jhansi
मऊरानीपुर कस्बे में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब मुख्य बाजार में स्थित 6 दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। एक दुकान से शुरू हुई आग तेजी से फैलते हुए आसपास की सभी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान मऊरानीपुर एसडीएम और सीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग बुझने के बाद चारों ओर घना काला धुआं फैल गया।
दुकानदारों के अनुसार आग में बैग, चश्मा, इलेक्ट्रॉनिक सामान और चप्पल-जूतों की दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। प्रभावित व्यापारियों ने करीब 20 लाख रुपये के नुकसान की बात कही है।
व्यापार मंडल ने प्रशासन से पीड़ित दुकानदारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस और प्रशासन जांच में जुटे हैं।