
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा इन दिनों भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है। अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 32.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार यह 54 साल में दूसरी बार है, जब रात का तापमान इतना अधिक रिकॉर्ड किया गया है। इससे पहले 21 मई 1972 को न्यूनतम तापमान 34.3 डिग्री दर्ज हुआ था।मौसम विभाग ने 27 मई तक हीटवेव जारी रहने का अलर्ट जारी किया है। 29 और 30 मई को आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है। लोग छाता, गमछा और टोपी का सहारा लेकर घरों से निकल रहे हैं।भीषण गर्मी का असर ताजमहल घूमने आने वाले पर्यटकों पर भी पड़ रहा है। रविवार को गर्मी की वजह से दो पर्यटकों की तबीयत बिगड़ गई। शहर में राहत के लिए नगर निगम की ओर से प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही अधिक पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की गई है।