
पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर। बीते दिनों बीतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल के टूटने से हुए हादसे में कई लोगों की मौत और घायल होने के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। सपा पदाधिकारियों ने कहा कि तेज आंधी-तूफान के दौरान पुल का हिस्सा टूटने से बड़ा हादसा हुआ, जिसमें कई लोगों की जान गई और कुछ लोग घायल हो गए। इस घटना को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए गए।ज्ञापन में 5 सूत्रीय मांगें रखी गईं, जिनमें मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा, घायलों का मुफ्त इलाज, निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम शामिल हैं।इस मौके पर सपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।