
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर 230 वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की लगातार छापेमारी और सख्ती का असर यह रहा कि 10 वारंटियों ने स्वयं न्यायालय में उपस्थित होकर सरेंडर कर दिया।एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा ने बताया कि 6 से 9 जून के बीच चलाए गए विशेष अभियान में हत्या, लूट, डकैती, चोरी, छिनैती, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर मामलों में वांछित चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी की गई। अभियान का संचालन डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी, डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता, डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव और डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया।गिरफ्तार सभी वारंटियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं सत्यापन के दौरान 25 वारंटियों की मृत्यु होने की जानकारी भी सामने आई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार अपराधियों की तलाश में अभियान आगे भी जारी रहेगा और वांछित आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।