
Pardarshi Vikas News Lucknow
नगर निगम लखनऊ ने शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए झंडी वाला पार्क में गुरुवार को 456 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। कुल ₹2962.60 लाख की लागत से तैयार इन परियोजनाओं में सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण, नालियों का सुदृढ़ीकरण और पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल हैं। महापौर सुषमा खर्कवाल ने परियोजनाओं का उद्घाटन कर इन्हें नागरिकों के उपयोग के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि ये विकास कार्य लखनऊ के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं और विकास के साथ स्वच्छता व हरित वातावरण बनाए रखना भी जरूरी है।
इस अवसर पर नगर निगम ने कल्याण मंडपों और सामुदायिक केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा भी शुरू की। अब नागरिक घर बैठे ही मंडपों की उपलब्धता देख सकेंगे और बुकिंग कर सकेंगे, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और कार्यालयों के चक्कर से राहत मिलेगी। कार्यक्रम में उपनेता पार्षद सुशील तिवारी, नगर आयुक्त गौरव कुमार, जोन-1 पार्षद सफीकुर रहमान, गिरीश गुप्ता, आशीष हितैषी सहित कई पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर निगम ने महानगर और आसपास के क्षेत्रों के सभी सामुदायिक केंद्रों के शुल्क भी जारी कर दिए हैं, ताकि नागरिक आसानी से ऑनलाइन बुकिंग कर सकें। यह पहल लखनऊ में ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने और सेवाओं को आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।