
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के ताजगंज स्थित चौपाटी में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। फिरोजाबाद के चूड़ी कारोबारी पंकज अग्रवाल के 15 वर्षीय बेटे कुनाल अग्रवाल की 45 फीट ऊंची जिप लाइन से गिरकर मौत हो गई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि जिप लाइन पर आगे बढ़ते ही सेफ्टी बेल्ट का हुक खुल गया और किशोर नीचे गिर पड़ा। वह पहले लोहे की जाली से टकराया और फिर जमीन पर आ गिरा। माता-पिता के सामने ही उसकी तड़प-तड़पकर मौत हो गई।परिवार के मुताबिक, कुनाल एडवेंचर का शौकीन था और माता-पिता के साथ घूमने आगरा आया था। जिप लाइन की राइड के लिए 400 रुपए टिकट ली गई थी, लेकिन सुरक्षा इंतजामों में भारी लापरवाही सामने आई। पिता ने आरोप लगाया कि बेटे को हेलमेट तक नहीं दिया गया था और मौके पर प्राथमिक उपचार की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। हादसे के बाद पुलिस ने जिप लाइन का संचालन बंद करा दिया और संचालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए हैं। शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों में कमी की बात सामने आई है।