
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। विकास खंड निबुआ नौरंगिया की ग्राम पंचायत मठिया धीर में शनिवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्थानीय वृक्ष मित्र जितेंद्र यादव की नर्सरी का निरीक्षण किया। करीब 40 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में जुटे जितेंद्र यादव के कार्यों की सराहना करते हुए डीएम ने वन विभाग को उनके अनुभव और ज्ञान का लाभ जनहित में लेने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नर्सरी में तैयार विभिन्न प्रजातियों के पौधों का अवलोकन किया। वृक्ष मित्र जितेंद्र यादव ने बताया कि वह पिछले चार दशकों से पौध तैयार करने और वृक्षारोपण के कार्य में सक्रिय हैं। अब तक वह करीब 40 हजार पौधे तैयार कर चुके हैं और विभिन्न स्थानों पर उनका रोपण कर चुके हैं। उन्होंने पोखरों, नदी किनारों, देवस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और खेल के मैदानों में बड़ी संख्या में पौधे लगाए हैं, जो आज पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज में ऐसे समर्पित और प्रेरणादायी व्यक्तित्व अनुकरणीय हैं। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जितेंद्र यादव जैसे अनुभवी वृक्ष मित्रों को विभागीय योजनाओं से प्रभावी ढंग से जोड़ा जाए और उनके अनुभव का उपयोग व्यापक जनहित में करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।डीएम ने कहा कि जनपद में प्रस्तावित लगभग 39 लाख पौधों के वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में ऐसे पर्यावरण प्रेमियों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत भवन परिसर की खाली भूमि पर पीपल का पौधा लगाकर वृक्षारोपण का संदेश भी दिया और ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं। अंत में उन्होंने वृक्ष मित्र जितेंद्र यादव को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर वन विभाग एवं प्रशासन के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।