news-details

₹4.93 करोड़ साइबर ठगी का खुलासा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर पुलिस ने 4.93 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विदेशी हैंडलरों के साथ मिलकर ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करते थे। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि जांच के दौरान एनसीआरपी पोर्टल पर एक एनजीओ के बैंक खाते से जुड़ी 52 शिकायतें मिलीं। आरोपियों ने इस खाते के जरिए करीब 32 हजार खातों में संदिग्ध लेनदेन किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह ने एक एनजीओ संचालक को डोनेशन और कमीशन का लालच देकर उसका बैंक खाता इस्तेमाल किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभेंद्र प्रकाश मिश्र, राज सिंह और राहुल चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले विदेशों में संचालित साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े रहे और वहीं से ठगी के तरीके सीखकर भारत में गिरोह सक्रिय किया।जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने बड़ी संख्या में प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड विदेश भेजे, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी में किया जाता था। सोशल मीडिया और टेलीग्राम के जरिए लोगों को ऑनलाइन गेमिंग और निवेश का झांसा देकर उनसे रकम ऐंठी जाती थी।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, 48 सिम कार्ड, बैंक दस्तावेज और नकदी बरामद की है। फरार आरोपियों की तलाश के साथ बैंक खातों और विदेशी कनेक्शन की जांच भी जारी है।