
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले के खिलाड़ियों और छात्रों के लिए जल्द ही आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होने जा रही हैं। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंडोर मिनी स्टेडियम का शुक्रवार को भूमिपूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इस दौरान नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और महापौर गिरीश पति त्रिपाठी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए।स्टेडियम निर्माण का कार्य कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज और उत्तर प्रदेश जल निगम को सौंपा गया है। अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक इस परियोजना के लिए 2.16 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है, जबकि शेष राशि चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी। निर्माण स्थल पर मौजूद जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण का कार्य पूरा न होने के कारण अभी पूर्ण पैमाने पर काम शुरू नहीं हो सका था, लेकिन प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी।यह प्रस्तावित इंडोर मिनी स्टेडियम मल्टी-स्पोर्ट्स हॉल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल जैसी खेल गतिविधियों की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही भवन में बेहतर विद्युत व्यवस्था, प्लंबिंग, सेनेटरी और सीवरेज सिस्टम जैसी बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि इस स्टेडियम के बनने से जिले के खिलाड़ियों और छात्रों को वर्षभर अभ्यास का अवसर मिलेगा और मौसम की बाधाएं खेल गतिविधियों को प्रभावित नहीं कर पाएंगी। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।