news-details

300 CCTV से खुला 60 लाख की चोरी का राज

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। विजय नगर स्थित एक सर्राफा दुकान से हुई करीब 60 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी को अंजाम देने वाला हिस्ट्रीशीटर दंपति और चोरी का माल खरीदने वाले दो सर्राफ शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी, नकदी और गला हुआ सोना बरामद किया है।डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 11 जुलाई को विजय नगर फल मंडी स्थित सर्राफ देवेन्द्र नाथ वर्मा की दुकान से ज्वैलरी और नकदी से भरा बैग चोरी हो गया था। घटना के बाद काकादेव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद बुलेट सवार दंपति की पहचान हुई।पुलिस ने कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर विकास उर्फ अद्दू और उसकी पत्नी चारु को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वारदात से पहले उन्होंने चार दिनों तक ग्राहक बनकर दुकान की रेकी की। कभी कपड़े खरीदने तो कभी ज्वैलरी देखने के बहाने दुकान पर आते रहे। चौथे दिन मौका मिलते ही ज्वैलरी और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी का माल कानपुर देहात के सिकंदरा क्षेत्र के संदलपुर निवासी सुनार गौरव गुप्ता और औरैया जिले के दिबियापुर निवासी ज्वैलर्स सरमन लाल को बेचा गया था। पुलिस ने दोनों सर्राफों को भी गिरफ्तार कर उनकी दुकानों से गला हुआ सोना बरामद किया।डीसीपी ने बताया कि मुख्य आरोपी विकास उर्फ अद्दू के खिलाफ कानपुर देहात में चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट सहित 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने दुकान के पास किराए का मकान लिया था और पत्नी के साथ कुछ दिन वहीं रहकर रेकी की। घटना के बाद दोनों फरार हो गए थे।पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले में बरामदगी और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।