
बहन जी के राज में गुंडे-माफिया प्रदेश छोड़कर भाग गए थे:अरुण कुमार गौतम
संजीव भारती/वेद प्रकाश
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। बुधवार को बहुजन समाज पार्टी ने पूरे प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति दिवस मनाया। उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में सेक्टर और बूथ कमेटियों की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में बसपा सुप्रीमो सुश्री मायावती के चार बार के मुख्यमंत्रित्व काल की उपलब्धियों पर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने 2027 में उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए सर्वसमाज का मजबूत एलायंस खड़ा करने का संदेश दिया। 2 जून 1995 को गेस्ट हाउस कांड के बाद भाजपा के बिना शर्त समर्थन से 3 जून 1995 को बसपा की सरकार बनी। सुश्री मायावती ने पहली बार देश की पहली दलित महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। देश के सबसे बड़े प्रदेश उत्तर प्रदेश से उठी सामाजिक परिवर्तन की लहर ने सदियों से शोषित और पीड़ित समाज में स्वाभिमान और सम्मान का भाव जागृत किया। तीन जून को बसपा कार्यकर्ताओं द्वारा सामाजिक परिवर्तन दिवस के रूप में मनाया जाता है। बुधवार को डीह में बहुजन समाज पार्टी की बैठक हुई। बैठक में बूथ कमेटियों का पुनर्गठन किया गया और पार्टी मूवमेंट की मजबूती के लिए समर्थकों से आर्थिक सहयोग प्राप्त किया गया। मंडल प्रभारी शिवराम गौतम ने कहा कि तीन जून का दिन हमारे लिए गौरव का दिवस है। 1995 में इसी दिन बहन मायावती जी ने पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। बहुजन समाज पार्टी देश में भारतीय संविधान की व्यवस्थाओं के अनुरूप शासन व्यवस्था के लिए संघर्षरत है। पूर्व जिला प्रभारी अरुण कुमार गौतम ने बसपा शासनकाल की उपलब्धियों का उल्लेख किया और कहा कि बहन जी के राज में गुंडे और माफिया प्रदेश छोड़कर भाग गए थे। आज चारों तरफ अन्याय और अत्याचार व्याप्त है। दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं रोज हो रही हैं। जितेंद्र सरोज ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून के राज और सर्वसमाज के विकास के लिए बहन मायावती जी को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाएं। बैठक का संचालन विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार प्रजापति ने किया। अवधेश गौतम, सालिकराम, राजेश कुमार, पवन कुमार, राम प्रकाश, सुखदेव आदि मौजूद रहे। बहुजन समाज पार्टी की बैठक ढेमा और त्रिशुंडी में हुई। बैठक में बूथ कमेटियों का पुनर्गठन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद और विधानसभा प्रभारी शमशेर बौद्ध ने कार्यकर्ताओं को चुनावी दृष्टि से सर्वसमाज का संगठन मजबूत करने का संदेश दियापूर्वांचल कार्यालय पर हुई बैठक पूर्वांचल बसपा कार्यालय पर मंडल प्रभारी डॉ. दयाराम राजभर के मार्गदर्शन में बैठक हुई। बैठक में पार्टी संगठन के कार्यों की समीक्षा के बाद सेक्टर अध्यक्षों को बूथ कमेटियों के पुनर्गठन और सदस्यता नवीनीकरण का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई। मंडल प्रभारी अरविंद गौतम ने बसपा सरकार की उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक का संचालन जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने किया।

“तीन जून को माननीया बहन जी ने पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। शपथ लेते ही उन्होंने बसपा के सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति के लक्ष्य को धरातल पर उतारने का काम शुरू किया। अम्बेडकर ग्राम विकास योजना लागू करके गांवों का कायाकल्प किया। लाखों गरीब और भूमिहीन परिवारों को 1,58,000 जमीनों के पट्टे दिए गए तथा 1,37,000 पुराने पट्टों पर कब्जा दिलाया गया। हर राजस्व ग्राम में अम्बेडकर पार्क के नाम से 16 बिस्वा भूमि सुरक्षित की गई। मुसलमानों और अन्य अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए बहन मायावती जी ने अलग से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की स्थापना की। जनसुनवाई के कड़े प्रबंध किए गए तथा गुंडों और माफियाओं को जेल भेजकर उत्तर प्रदेश में कानून के राज की स्थापना का संदेश दिया। पहली बार दलितों और पिछड़ों को थानों में कुर्सी मिलनी शुरू हुई। तीन जून का दिन हमारे लिए गौरव, स्वाभिमान और सम्मान का दिवस है। उत्तर प्रदेश की जनता 2027 में फिर से बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनाने की तैयारी कर चुकी है।” विश्वनाथ पाल