
पारदर्शी विकास न्यूज़ अम्बेडकरनगर। मिशन-2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने संगठन मजबूत करने और कैडर को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में 27 सितंबर को जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर गांव-गांव बैठकें शुरू हो गई हैं, जबकि अगले सप्ताह से सेक्टरवार कैडर कैंप आयोजित किए जाएंगे।बसपा के मुख्य मंडल प्रभारी दिलीप कुमार विमल ने पार्टी कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और खराब कानून व्यवस्था से परेशान है। उन्होंने डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई कम होने की उम्मीद करना बेमानी है और भाजपा सरकार पर पूंजीपतियों के हित में काम करने का आरोप लगाया।दिलीप कुमार विमल ने कहा कि बेरोजगारों, किसानों और युवाओं के हित में बसपा ही बेहतर विकल्प है। उन्होंने विधानसभा प्रभारियों को सेक्टरवार कैडर कैंपों की कार्ययोजना तैयार कर उन्हें प्रभावी ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए। बैठक की अध्यक्षता मंडल प्रभारी अरविंद गौतम ने की और संचालन जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने किया। इस दौरान राम नयन निर्दोष, सभाजीत गौतम, राधेश्याम राजभर, अकरम इदरीसी, अच्छे लाल, छेदीराम मौर्य, हरेंद्र निषाद, सर्वजीत राना और बच्चा राम वर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
डॉ. दयाराम राजभर पर पार्टी की नजर
जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में मिशन-2027 को लेकर बसपा की नजर मंडल प्रभारी डॉ. दयाराम राजभर पर भी है। विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता बैठक की अध्यक्षता उन्होंने की। पार्टी सूत्रों के अनुसार उन्हें सेक्टर स्तर पर गांव-गांव संपर्क कर कैडर कैंपों को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।डॉ. दयाराम राजभर अयोध्या मंडल के विभिन्न जिलों में संगठन का काम कर चुके हैं। पूर्व मंत्री राम अचल राजभर के बसपा से अलग होने के बाद पार्टी उन्हें जलालपुर क्षेत्र में मजबूत विकल्प के रूप में तैयार करने की रणनीति पर काम कर रही है।