
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। करीब 250 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी और आगरा निवासी स्क्रैप कारोबारी अंचित गोयल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से तीन फर्जी फर्में—राजाराम ट्रेडर्स, श्रीश्याम और राधा ट्रेडर्स—का पता चला। इन फर्मों के माध्यम से जनवरी 2025 से अप्रैल 2026 के बीच करीब 53 करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया। पुलिस के अनुसार, इन फर्मों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को खपाने और फर्जी जीएसटी व आयकर क्लेम के लिए किया जाता था।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने गाजियाबाद के एक बीएसएफ जवान की बेटी के बैंक खाते के जरिए करीब 45 करोड़ रुपये का लेनदेन किया। वहीं, बैंक खातों की पड़ताल में कैलिफोर्निया की जेनिफर फ्लोरेंस नाम की महिला के खाते में भी रकम ट्रांसफर किए जाने के साक्ष्य मिले हैं, जिसकी जांच जारी है।पुलिस के अनुसार, आरोपी पर इनाम घोषित होने के बाद उसने अपने मोबाइल का पूरा डेटा डिलीट कर दिया था। मामले में देश के कई राज्यों से जुड़े साइबर फ्रॉड की शिकायतों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और लेनदेन के पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।