news-details

25 हजार का इनामी साहिल ‘मुसीबत’ गिरफ्तार

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

 बर्रा क्षेत्र में छात्र को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने और अमानवीय हरकत करने वाले 25 हजार के इनामी आरोपी साहिल शर्मा उर्फ मुसीबत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपने ही घर में मेनगेट पर ताला लगाकर छिपा बैठा था। पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखे दीवान के अंदर छिपे आरोपी को पकड़ लिया।डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि कुछ दिन पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें साहिल अपने साथियों के साथ एक छात्र को बंधक बनाकर पीटता नजर आ रहा था। वीडियो में आरोपी द्वारा छात्र के साथ बेहद शर्मनाक हरकत भी की गई थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उस पर बर्रा, गुजैनी और गोविंदनगर थानों में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वह पिछले साल वरदान गैलेक्सी के पास पुलिस पर फायरिंग के मामले में भी वांछित था।पुलिस की तीन टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी थीं। सूचना मिलने पर जब पुलिस ने घर पर दबिश दी तो मुख्य गेट पर ताला बंद मिला, लेकिन शक के आधार पर ताला तोड़कर अंदर जांच की गई। घर के अंदर कई कमरों में ताले लगे थे। तलाशी के दौरान एक कमरे में रखे दीवान को खोलने पर आरोपी अंदर छिपा मिला, जिसके बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का जुलूस भी निकाला। इस दौरान आरोपी ने हाथ जोड़कर भविष्य में ऐसी गलती न करने की बात कही।पुलिस के अनुसार, आरोपी पर गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उसे पकड़ने वाली टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।