news-details

24 घंटे के भीतर तीन लोगों ने की आत्महत्या

You can share this post!

 

पारदर्शी विकाश कानपुर। शहर में 24 घंटे के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा, एक युवक और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। सचेंडी थाना क्षेत्र के जुगराजपुर, चकरपुर गांव निवासी सिक्योरिटी गार्ड महेंद्र वीर सिंह की 17 वर्षीय पुत्री दिव्यांशी ने सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी। दिव्यांशी ने इसी वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा 96 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी और आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रही थी।परिजनों के अनुसार घटना के समय दिव्यांशी घर पर अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य रिश्तेदारी में गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने संपत्ति विवाद को लेकर कुछ रिश्तेदारों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।वहीं नौबस्ता थाना क्षेत्र के दलनपुर निवासी 25 वर्षीय शिवम ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शिवम अपने पिता के साथ पेंटिंग का कार्य करता था। परिवार के अनुसार सोमवार को सभी लोग बांदा स्थित एक मंदिर से दर्शन कर लौटे थे। रात में खाना खाने के बाद शिवम अपने कमरे में चला गया और देर रात उसने यह कदम उठा लिया। सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला।उधर स्वरूप नगर थाना क्षेत्र के बेनाझाबर कच्ची मड़ैया निवासी 34 वर्षीय नगीना ने भी कथित रूप से आत्महत्या कर ली। बताया गया कि सोमवार शाम पति-पत्नी के बीच घरेलू बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद रात में नगीना ने कमरे में फंदा लगा लिया। सुबह पति ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी।तीनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।