
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। अखिल भारतीय संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में अखिल भारतीय चाणक्य परिषद की ओर से 24 अक्टूबर से चाणक्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ आचार्य चाणक्य की जन्मभूमि पाटलिपुत्र, पटना से सुबह नौ बजे होगा। विभिन्न जिलों से होते हुए यात्रा 2 नवंबर को दिल्ली पहुंचेगी, जहां संसद घेराव के साथ इसका समापन होगा।परिषद के राष्ट्रीय संरक्षक कृपानिधान तिवारी ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य सामाजिक जागरण, लोगों को अपने अधिकारों और अस्तित्व के प्रति जागरूक करना है। यात्रा पटना, आरा, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, आगरा, मथुरा, पलवल और फरीदाबाद होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। यात्रा के दौरान आर्थिक आधार पर आरक्षण, सवर्ण आयोग के गठन, समान नागरिक संहिता लागू करने, भगवान परशुराम के प्राकट्य दिवस पर सार्वजनिक अवकाश तथा अयोध्या में परशुराम मंदिर निर्माण सहित कई मांगें उठाई जाएंगी।लखनऊ में विकास दीप बिल्डिंग में आयोजित बैठक में संगठन विस्तार और यात्रा की तैयारियों पर चर्चा हुई। प्रदेश संयोजक तेज प्रताप द्विवेदी ने 25 जिलों में जिला इकाइयों के गठन का प्रस्ताव रखा। 20 सितंबर को रायबरेली रोड स्थित एपीएस कॉलेज में दोपहर 12 बजे सम्मेलन आयोजित करने की जानकारी भी दी गई। बैठक में रविशंकर मिश्र, कमलाकांत शर्मा, विजय अवस्थी, घनश्याम तिवारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।